August 24, 2026

Landslide: मलबा आने से टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे तीन जगह बंद, 30 से ज्यादा वाहन रास्ते में फंसे

हाईवे बंद होने से टनकपुर की तरफ आ रहे करीब 30 से ज्यादा वाहन रास्ते में ही फंस गए हैं। एसडीएम अनिल चन्याल ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। जिला अधिकारी नरेंद्र भंडारी ने टीम को हाईवे शीघ्र खोलने के निर्देश दिए हैं।

टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर भूस्खलन

भारी बारिश के चलते टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार दोपहर तीन जगह (धौन, स्वांला और बस्टिया मझेड़ा) में मलबा आने से बंद हो गया है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण मलबा हटाने के काम में भी परेशानी आ रही है। जिसके चलते टनकपुर की तरफ आ रहे करीब 30 से ज्यादा वाहन रास्ते में ही फंस गए हैं। एसडीएम अनिल चन्याल ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। वहीं, जिला अधिकारी नरेंद्र भंडारी ने टीम को हाईवे शीघ्र खोलने के निर्देश दिए हैं।

चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के चार जिलों में अगले चौबीस घंटे के भीतर कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक विक्रम सिंह ने बताया कि अगले चौबीस घंटे में देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में नदियों, नालों के किनारे बसे लोगों के साथ ही भूस्खलन संभावित इलाकों में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से 102 मार्ग बंद

प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से 102 मार्ग जगह-जगह बाधित हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्य मार्ग, दो मुख्य जिला मार्ग, दो अन्य जिला मार्ग एवं 37 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। इसके अलावा पीएमजीएसवाई के तहत 54 मार्ग बंद हैं। वहीं चमोली जिले में बारिश के बाद कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। विभाग के मुताबिक राज्य के 20 गांवों में विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई है, जबकि शेष दो गांवों की बिजली आपूर्ति में सुधार के प्रयास किये जा रहे हैं।

You may have missed