नए साल से मसूरी में लगने वाले भीषण जाम से निजात मिलने की उम्मीद है। नगरपालिका के अनुसार, मैसानिक लॉज बस अड्डे के विस्तारीकरण और यहां सड़क चौड़ीकरण के कार्य को 30 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। मैसानिक लॉज बस अड्डा मसूरी का सबसे बड़ा बॉटल नेक है।
मसूरी की सबसे बड़ी समस्या जाम है। संकरी सड़कों पर आए दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। पर्यटन सीजन में तो पर्यटकों, स्थानीय लोगों का मैसानिक लॉज बस अड्डे और गांधी चौके के पास घंटों फंसना आम बात है। वर्षों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग उठ रही है लेकिन इसका समाधान नहीं हो सका। अब मैसानिक लॉज बस अड्डे का विस्तारीकरण किया जा रहा है। उम्मीद जगी है कि जल्द मसूरी में काफी हद तक जाम से निजात मिल जाएगी।
नगरपालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने बताया कि 2019 में मैसानिक लॉज बस अड्डे के विस्तारीकरण और सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया था। इसे इसी 30 दिसंबर तक पूरा किया जाना है। योजना की लागत छह करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ आगे की दुकानों को तोड़ने के साथ ही कुछ अन्य काम रह गए हैं। बस अड्डे के विस्तार के बाद काफी हद तक जाम से निजात मिलेगी। मसूरी टैक्सी कार ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हुकम सिंह रावत ने कहा कि योजना पूरी होने के बाद पर्यटकों को काफी आराम मिलेगा।