June 23, 2026

देहरादून: आईएसबीटी से मालदेवता और सहसपुर के लिए इलेक्ट्रिक बसें शुरू, सीएम धामी ने खुद सफर कर किया शुभारंभ

सीएम धामी ने स्मार्ट सिटी सीईओ सोनिका को निर्देश दिए कि सभी बसों की टाइमिंग की पूरी जानकारी आम जन को होनी चाहिए।

इलेक्ट्रिक बस में सीएम धामी

स्मार्ट सिटी की इलेक्ट्रिक बसें अब आईएसबीटी से मालदेवता और सहसपुर के लिए भी चलेंगी। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय से स्मार्ट सिटी दून कनेक्ट सेवा की 10 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बस का टिकट लेकर घंटाघर तक सफर भी किया।

सीएम धामी ने स्मार्ट सिटी सीईओ सोनिका को निर्देश दिए कि सभी बसों की टाइमिंग की पूरी जानकारी आम जन को होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत अब 30 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को काफी सुविधा होगी। इलेक्ट्रिक बस के संचालन का मुख्य उद्देश्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना है।

पहले से चल रही बसों में यात्रियों की अधिक संख्या और स्थानीय निवासियों व यात्रियों की मांग पर आईएसबीटी से रायपुर को विस्तारित कर मालदेवता और आईएसबीटी से सेलाकुई रूट को विस्तारित कर सहसपुर तक नई बसों को संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक सविता कपूर, सुरेश गड़िया उपस्थित थे।

चार रूटों पर पहले से चल रहीं 20 बसें
देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड की दून कनेक्ट सेवा के तहत 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शहर के चार मार्गों आईएसबीटी से राजपुर, आईएसबीटी से रायपुर-सेलाकुई, आईएसबीटी से सहस्त्रधारा और आईएसबीटी से एयरपोर्ट तक पहले से ही संचालन किया जा रहा है। इनमें अभी तक कुल 12.47 लाख यात्री सफर कर चुके हैं, जिससे 2.41 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ है।